देहरादून: उत्तराखंड में सड़क एवं परिवहन मंत्रालय के उपक्रम नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड यानी एनएचएलएमएल के जरिए रोपवे का निर्माण किया जाएगा. रोपवे निर्माण के लिए विशेष प्रयोजन वाहन (एसवीपी) का गठन करने के लिए उत्तराखंड सरकार और एनएचएलएमएल के बीच मंगलवार को सचिवालय में एमओयू साइन किया गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में पर्वतमाला परियोजना के तहत केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोपवे के विकास के लिए एमओयू साइन किया गया.
उत्तराखंड सरकार और एनएचएलएमएल के बीच हुए इस एमओयू के तहत इक्विटी भागीदारी में एनएचएलएमएल की 51 फीसदी और राज्य सरकार की 49 फीसदी हिस्सेदारी होगी. राजस्व साझेदारी के तहत 90 फीसदी धनराशि उत्तराखंड राज्य में पर्यटन, परिवहन और गतिशीलता के क्षेत्र में खर्च की जायेगी.
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये समझौता प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने में सहायक होगा. साथ ही पर्यटन, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग बनाएगा.
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्वतमाला परियोजना के तहत सोनप्रयाग से केदारनाथ के बीच लगभग 4,100 करोड़ रुपए की लागत से 12.9 किलोमीटर लंबी और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब के बीच 2,700 करोड़ से अधिक की लागत की 12.4 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजनाओं के निर्माण को मंजूरी दी गई. ये परियोजनाएं राज्य में रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार में बेहतर कदम साबित होंगी. साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी.
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में रेल, रोड और रोपवे कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है. चारधाम ऑलवेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड, सितारगंज से टनकपुर मोटर मार्ग, पांवटा साहिब देहरादून, बनबसा से कंचनपुर, भानियावाला से ऋषिकेश, काठगोदाम से लालकुआं, हल्द्वानी बाईपास और सीमांत क्षेत्रों में रोड कनेक्टिविटी से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से कनेक्टिविटी को सशक्त करने की दिशा में कार्य हो रहे हैं. रेल कनेक्टिविटी के विस्तार पर भी तेजी से कार्य हो रहे हैं.
वहीं, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि राज्य में रोपवे के विकास की दृष्टि से यह महत्वपूर्ण दिन है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं. इन रोपवे के निर्माण के बाद श्रद्धालुओं को केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के दर्शन करने में काफी सुगमता होगी.



More Stories
मुख्यमंत्री ने किया ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ, 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की दी सौगात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ
प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य निधि, उनके अनुभव और सामर्थ्य से प्रदेश के विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री