13 June 2026

aawaj uttarakhand

सच की आवाज़

मतदाता सूची शुद्धिकरण को जन आंदोलन बनाने की अपील, डीएम ने रवाना किए जागरूकता रथ

7 जुलाई तक चलेगा विशेष पुनरीक्षण अभियान, बीएलओ घर-घर पहुंचकर कर रहे गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन

देहरादून, मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार को आईटी पार्क, देहरादून में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मतदाता जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जागरूकता रथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं वार्डों में भ्रमण कर नागरिकों को विशेष पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देंगे तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेंगे।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. चौहान ने जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि 7 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे तथा मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को पूर्णतः अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन कर रहे हैं। साथ ही 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए पात्र नागरिकों के फार्म-6 भी स्वीकार किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद देहरादून की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,882 मतदेय स्थल हैं तथा 13 लाख 76 हजार 813 मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक 6 लाख 60 हजार 308 मतदाताओं, यानी लगभग 47.96 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 35 हजार 476 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि अभियान को फास्ट ट्रैक मोड में संचालित किया जा रहा है। इसलिए सभी मतदाता अपने बीएलओ को सहयोग प्रदान करते हुए गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें, जिससे मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।

डॉ. चौहान ने बताया कि नागरिक उत्तराखंड निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिए संबंधित बीएलओ से सीधे संपर्क किया जा सकता है। मतदाता सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ने उपस्थित सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्वीप कार्यक्रम के नोडल एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौंडियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र प्रसाद देवली, पार्षद संजीव बंसल, पार्षद अभिषेक पंत, बूथ लेवल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।