इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर फैलाई थी दहशत, अंबाला से दबोचा गया आरोपी; मोबाइल फोन जब्त
देहरादून। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से धमकी भरी पोस्ट करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरी पोस्ट वायरल हुई थी। इससे आमजन में भय और दहशत का माहौल पैदा हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर में बीएनएस एवं आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी सर्विलांस, साइबर विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए 28 जून को आरोपी जसप्रीत सिंह (26), निवासी अंबाला (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कर्णप्रयाग क्षेत्र में हुए विवाद और उससे संबंधित पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से धमकी भरी टिप्पणी पोस्ट की थी। उसका उद्देश्य लोगों में दहशत फैलाना और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देना था।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। दून पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली और धमकीपूर्ण पोस्ट से बचने की अपील की है।



More Stories
समाधान दिवस में डीएम का एक्शन मोड, 171 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण
बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में एमडीडीए सख्त, पछवादून में अवैध निर्माण पर चला अभियान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास, कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ