देहरादून। त्योहारी सीजन और आगामी वीआईपी-वीवीआईपी कार्यक्रमों के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने मासिक अपराध गोष्ठी में अधीनस्थ अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेकिंग और गश्त में लापरवाही बरतने या अपराधों के निस्तारण में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
गोष्ठी में नवरात्र, धनतेरस, दीपावली और राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के साथ ही शहीद दिवस और रैतिक परेड के दौरान प्रस्तावित वीआईपी कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में जनपद के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक, अग्निशमन अधिकारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
बाजारों और संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। पूर्व में चिह्नित चेकिंग प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर नजर रखने को कहा गया। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती करने और नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस की लापरवाही के कारण कोई घटना होने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सर्राफा बाजार और वित्तीय संस्थान रडार पर
धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर ज्वैलरी शॉप, सर्राफा बाजार, बैंक, एटीएम, गोल्ड लोन और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों को इन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता जांचने के निर्देश दिए गए। बिना सुरक्षा गार्ड या सीसीटीवी के संचालित एटीएम और प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर संबंधित प्रबंधकों को नोटिस देने को कहा गया। पलटन बाजार समेत प्रमुख बाजारों में वर्दी और सादे कपड़ों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर
त्योहारी खरीदारी के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मुख्य मार्गों, चौराहों और बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे, दुकानों के बाहर और फुटपाथों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। अधिकारियों को पीक आवर्स में व्यस्त मार्गों और चौराहों पर स्वयं मौजूद रहकर यातायात नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आपात स्थिति में दमकल और अन्य आपातकालीन वाहन बिना बाधा पहुंच सकें।
जमानत पर छूटे आरोपियों का होगा सत्यापन
अपराध समीक्षा के दौरान एसएसपी ने लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। पूर्व में आपराधिक घटनाओं में प्रकाश में आए और जमानत पर बाहर चल रहे आरोपियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा उनका नियमित भौतिक सत्यापन करने को कहा गया। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाकर आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के निर्देश भी दिए गए।
साइबर अपराधों के निस्तारण में देरी पर फटकार
बैठक में सीसीटीएनएस पोर्टलों पर सूचनाएं समय से अपडेट नहीं किए जाने पर एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सभी अभिलेखों और सूचनाओं को नियमित रूप से अपडेट करने की हिदायत दी। साइबर अपराधों, ई-जीरो एफआईआर और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि साइबर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
वीआईपी कार्यक्रमों को लेकर भी सतर्कता
आगामी राजकीय आयोजनों में विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन को देखते हुए संदिग्धों की चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखने तथा भ्रामक सूचनाओं के जरिए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।



More Stories
बर्नीगाड़ को 217 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ
मुख्य सचिव ने दून विश्वविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ
हरिद्वार कुंभ-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करें: सतपाल महाराज