27 November 2026

aawaj uttarakhand

सच की आवाज़

धामी कैबिनेट के 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़कर हुआ 10 हजार रुपये

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में  देहरादून में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, आबकारी, खनन, आवास, परिवहन और वन विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी।

बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करते हुए इसे 8,300 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के संबंध में मुख्यमंत्री को निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया।
आशा कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत

कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। अब उन्हें प्रतिमाह 10 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने का निर्णय लिया गया।

पीजी डॉक्टरों को दो साल प्रदेश में देनी होगी सेवा
पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने के उद्देश्य से राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने को मंजूरी दी गई। पीजी की पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉक्टरों को दो साल तक उत्तराखंड में सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए उनसे बॉन्ड भरवाया जाएगा।

वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष
वन विभाग की भर्ती को लेकर भी कैबिनेट ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी।

बापूग्राम की 594.94 एकड़ वन भूमि पर बड़ा निर्णय
ऋषिकेश के बापूग्राम स्थित 594.94 एकड़ आरक्षित वन भूमि को लेकर कैबिनेट ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वन भूमि पर बसी आबादी वाले क्षेत्रों को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। राज्य सरकार अब इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। इससे लंबे समय से भूमि संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

खनन रॉयल्टी नहीं बढ़ेगी, डीएमएफ शुल्क 15 प्रतिशत
खनन विभाग के प्रस्ताव पर जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) का शुल्क पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की मंजूरी दी गई। हालांकि, खनन रॉयल्टी की दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है। इसके अतिरिक्त अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली के संबंध में मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित की गई है।

चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी
प्रदेश की चीनी मिलों को आर्थिक राहत देने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी उपलब्ध कराएगी। इससे मिलों को पेराई सत्र के दौरान बैंकों से ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी और उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

आवासीय भवनों के नियमों में मिलेगी राहत
आवास विभाग के तीन प्रस्तावों को कैबिनेट की मंजूरी मिली। इसके तहत बिल्डिंग बायलॉज और भवन निर्माण से जुड़े प्रावधानों में शिथिलता दी जाएगी। वहीं, लैंड यूज परिवर्तन की दरों में भी बड़ी कटौती की गई है। नई दरें पूर्व की तुलना में एक चौथाई से भी कम रखी गई हैं, जिससे भूमि उपयोग परिवर्तन कराने वालों को आर्थिक राहत मिलेगी।

हरिद्वार में विकसित होंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर
परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरिद्वार में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

फार्मासिस्ट भर्ती में बी-फार्मा अभ्यर्थी भी पात्र
कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआई) के फार्मासिस्ट संवर्ग में भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया है। अब डी-फार्मा के साथ बी-फार्मा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी भर्ती के लिए पात्र होंगे। इसके अलावा उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिक सेवा नियमावली में संशोधन तथा श्रम विभाग के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी दी गई।

आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित होंगे
आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पदों सहित कुल 11 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई। वहीं, सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों और विभागीय ढांचे को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण फैसले
बैठक में उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। निर्माण कार्यों के लिए इम्पैनल संस्थानों की सूची से

एनएचआईडीसीएल को हटाने का निर्णय लिया गया। उत्तराखंड पंचम विधानसभा के सत्रावसान को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय और महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी प्रदान की गई।

कुल मिलाकर धामी कैबिनेट की बैठक में जनकल्याण, स्वास्थ्य सेवाओं, युवाओं, कर्मचारियों, आवास, खनन और परिवहन से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। विशेष रूप से आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि, वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने, पीजी डॉक्टरों के लिए अनिवार्य सेवा और बापूग्राम की वन भूमि से जुड़े निर्णय बैठक के प्रमुख फैसलों में शामिल रहे।