31 October 2026

aawaj uttarakhand

सच की आवाज़

सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर रखी अखंड भारत की नींव : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घंटाघर स्थित भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहा। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर उन्होंने देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से एक सशक्त और संगठित भारत की नींव मजबूत हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल द्वारा किए गए कार्यों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को प्रत्येक भारतवासी सदैव याद रखेगा। उनका जीवन देश की एकता और राष्ट्रीय एकजुटता के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।